अमेठी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव

अमेठी, 16 जून । उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के मिश्रौली गांव के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मिश्रौली गांव के पास स्थित नैया नाला के किनारे राहगीरों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस को घटना से अवगत कराया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। जगदीशपुर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया तथा पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान प्रमोद पुत्र जगन्नाथ निवासी मिश्रौली, थाना जगदीशपुर के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।