पौड़ी गढ़वाल, 15 जून । पौड़ी पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी को आज विभिन्न संगठनों ने ज्ञापन दिए। सीएम को पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन एवं पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान पुरानी पेंशन बहाली मोर्चा के प्रदेश महासचिव सीताराम पोखरियाल ने कहा कि 2005 के बाद नियुक्त लाखों कर्मचारी व शिक्षक भविष्य को लेकर चिंतित हैं। महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष रानीता विश्वकर्मा ने कहा कि कर्मचारी व उनके परिवार को बुढ़ापे में आर्थिक सुरक्षा मिलना उनका अधिकार है। पुरानी पेंशन योजना केवल एक आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार है।
प्रदेश सम्वयक जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित यूनिफाइड पेंशन स्कीम को पुरानी पेंशन का विकल्प बताकर प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि यूपीएस भी कर्मचारियों की मूल मांग को पूरा नहीं करती। उन्होंने कर्मचारियों व शिक्षकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने की मांग उठाई।
वहीं, सभासद गौरव सागर, युद्धवीर सिंह रावत ने जिले में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए कड़े कदम उठाने, टिहरी में केतन लाल हत्याकांड के दोषियों को कड़ी सजा देने, देहरादून में अधिवक्ता हत्याकांड में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
गडोली निवासी विनोद दनोशी ने गुलदार द्वारा पौड़ी शहर के 10 किमी के दायरे में गुलदार द्वारा लगातार हमलों को लेकर पूरे क्षेत्र में आपातकालीन घोषित करने, गुलदार, भालू के हमले में मारे गए परिवारों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने, गुलदारों को सिविल वन भूमि से हटाकर वाईल्ड लाइफ सेंचुरी नेशनल पार्क में रखने, पौड़ी में गुलदार रेस्क्यू सेंटर बनाने, गुलदार के हमलों में मृतकों का मुआवजा 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करने, जिला अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों के लिए एडवांस लाइफ हैली एंबुलेंस की सुविधा मुहैया करवाने की मांग की।