देवरिया, 26 अक्टूबर । तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा में दुर्गा पूजा मेले के दौरान ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना 19 अक्टूबर की देर रात की है। चौकी प्रभारी पथरदेवा अनित कुमार राय की तहरीर पर तरकुलवा पुलिस ने साेमवार काे अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उपनिरीक्षक अनित कुमार राय ने अपनी तहरीर में बताया कि दशहरा के अवसर पर पथरदेवा कस्बे में दुर्गा पूजा मेले का आयोजन किया गया था। इस दौरान कुछ आयोजक तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे। पुलिसकर्मियों ने देर रात डीजे बजाने से मना किया तो कुछ लोग नारेबाजी करने लगे। उन्हाेंने लोगों को समझाने का प्रयास किया ताे भीड़ उग्र होने लगी। इसके बाद वाे वहां से निकलने लगे, ताे भीड़ में शामिल कुछ अज्ञात लोगों ने पीछे से उन्हें धक्का दिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। भीड़ अधिक होने के कारण उस समय आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी।
घटना के कुछ दिन बाद इससे संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग उपनिरीक्षक के साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उपनिरीक्षक ने थाने में तहरीर देकर आरोपिताें के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपितताें की पहचान करने में जुट गई।
