अफीम की अवैध खेती करने के तीन आरोपित गिरफ्तार
खूंटी, 3 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में अफीम की खेती करनेवालों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्र में अफीम की खेती करने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में सायको थाना क्षेत्र से अनीडीह निवासी मंगरा पाहन और पीड़ीहातू निवासी लखीमनी देवी तथा मुरहू थाना क्षेत्र से मुरूद गांव निवासी मार्टिन ओड़ेया शामिल है।
यह जानकारी खूंटी के एसडीपीओ वरूण रजक ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। एसडीपीओ ने बताया कि अफीम की खेती करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के क्रम में तीनों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों को अफीम के खेत में काम करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।
रंगदारी के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
सायको थाना क्षेत्र से रंगदारी के एक मामले में फरार चल रहे आरोपित मुरहू थाना के रूगुवा वीरडीह गांव निवासी हिंदू हस्सा पूर्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ वरूण रजक ने बताया कि सायको थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से चार व्यक्तियों ने 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस मामले में दो आरोपित पहले ही पकड़े जा चुके हैं। हिंदू हस्सा पूर्ति को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। एक आरोपित अभी भी फरार है। उसके खिलाफ सायको थाने में 12 अक्टूबर 2023 को मामला दर्ज किया गया था।
अफीम की खेती के आरोप में अब तक 30 लोग गिरफ्तार
अफीम की खेती करने के आरोप में पुलिस ने अब तक 30 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। अबतक खूंटी थाना क्षेत्र से दो, मुरहू से छह, अड़की से सात, सायको से छह, मारंगहादा से पांच और कर्रा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। सायको से दो और मुरहू से एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि जिले में अब 3145 एकड़ भूमि में लगी अफीम की अवैध फसल को नष्ट किया जा चुका है, वहीं ग्रामीणों ने स्वतः 450 एकड़ भूमि में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया है।
18 से अधिक टैक्टर से किया जा रहा है नष्ट
जिले में अफीम की खेती को नष्ट करने के लिए पुलिस व्यापक अभियान चला रही है। अलग-अलग थाना क्षेत्र में 18 से अधिक ट्रैक्टरों से अफीम की फसल को नष्ट किया जा रहा है। अब अफीम की फसल में फूल आने लगे हैं। इसे देखते हुए अभियान को और तेज कर दिया गया है।
—————